भारतीय संविधान के परिचय (Introduction)
“भारतीय संविधान के महत्वपूर्ण अनुच्छेद का तात्पर्य उन मुख्य कानूनी धाराओं से है जो भारत की लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों का आधार हैं। मूल रूप से भारतीय संविधान में 22 भाग, 395 अनुच्छेद और 8 अनुसूचियाँ थीं। वर्तमान में (विभिन्न संशोधनों के बाद) इसमें कुल 25 भाग, 470+ अनुच्छेद और 12 अनुसूचियाँ शामिल हैं। यह विशाल दस्तावेज़ देश के सर्वोच्च कानून को परिभाषित करता है, जिसमें राष्ट्रपति, संसद, न्यायपालिका की शक्तियाँ और नागरिकों के मौलिक अधिकार समाहित हैं।”
भाग-1: संघ और उसका राज्य-क्षेत्र(The Union and its Territory) Articles 1 – 4
अनुच्छेद 1 : संघ का नाम और राज्य क्षेत्र
सरल व्याख्या : हमारे देश का नाम ‘भारत’ (इंडिया) है, और यह देश सभी राज्यों को मिलाकर बना एक संघ (Union) है। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नाम शामिल हैं।
अनुच्छेद 2 : नए राज्यों का प्रवेश या स्थापना
सरल व्याख्या : अगर भारत से बाहर का कोई नया इलाका या विदेशी जमीन भारत देश में शामिल होना चाहती है, तो संसद उसे भारत का नया राज्य बना सकती है।
अनुच्छेद 2 क : (निरसित)
सरल व्याख्या : ‘निरसित’ का मतलब होता है हटा देना। यह कानून पहले सिक्किम के लिए बना था, जिसे बाद में संविधान से पूरी तरह मिटा दिया गया।
अनुच्छेद 3 : नए राज्यों का निर्माण और वर्तमान राज्यों के क्षेत्रों, सीमाओं या नामों में परिवर्तन
सरल व्याख्या : भारत के अंदर पहले से मौजूद राज्यों के टुकड़े करके नया राज्य बनाना (जैसे बिहार से झारखंड अलग होना), किसी राज्य का बॉर्डर बदलना, या किसी राज्य का नाम बदलना (जैसे उड़ीसा से ओडिशा होना)।
अनुच्छेद 4 : पहली अनुसूची और चौथी अनुसूची के संशोधन तथा अनुपूरक, आनुषंगिक और पारिणामिक विषयों का उपबंध करने के लिए अनुच्छेद 2 और अनुच्छेद 3 के अधीन बनाई गई विधियां
सरल व्याख्या : अनुच्छेद 2 और 3 के तहत जो भी बदलाव (नए राज्य बनाना या नाम बदलना) किए जाएंगे, उनके लिए संविधान में किसी बहुत बड़े या कठिन संशोधन की जरूरत नहीं होगी। उसे साधारण बहुमत से पास किया जा सकता है।
भाग-2: नागरिकता(Citizenship)Articles 5 – 11
अनुच्छेद 5 : संविधान के प्रारम्भ पर नागरिकता
सरल व्याख्या : 26 जनवरी 1950 को जब हमारा संविधान लागू हुआ, तब उस समय भारत में रह रहे लोगों को किस आधार पर भारत का नागरिक माना गया।
अनुच्छेद 6 : पाकिस्तान से भारत को प्रवृजन करने वाले कुछ व्यक्तियों के नागरिकता के अधिकार
सरल व्याख्या : देश के बंटवारे के समय जो लोग पाकिस्तान का इलाका छोड़कर भारत रहने चले आए थे, उन्हें भारत की नागरिकता देने के नियम।
अनुच्छेद 7 : पाकिस्तान को प्रवृजन करने वाले कुछ व्यक्तियों के नागरिकता के अधिकार
सरल व्याख्या : जो लोग मार्च 1947 के बाद भारत छोड़कर पाकिस्तान चले गए थे, लेकिन बाद में वहाँ का माहौल देखकर वापस भारत लौट आए, उन्हें दोबारा नागरिकता कैसे मिलेगी।
अनुच्छेद 8 : भारत के बाहर रहने वाले भारतीय उद्भव के कुछ व्यक्तियों के नागरिकता के अधिकार
सरल व्याख्या : ऐसे लोग जिनके माता-पिता या दादा-दादी भारतीय थे, लेकिन वे खुद विदेश में रह रहे हैं या वहाँ पैदा हुए हैं, उन्हें भारत की नागरिकता कैसे मिल सकती है।
अनुच्छेद 9 : विदेशी राज्य की नागरिकता स्वेच्छा से अर्जित करने वाले व्यक्तियों का नागरिकक न होना
सरल व्याख्या : भारत में ‘इकहरी नागरिकता’ (Single Citizenship) है। अगर कोई भारतीय नागरिक अपनी मर्जी से किसी दूसरे देश की नागरिकता ले लेता है, तो उसकी भारत की नागरिकता तुरंत खत्म हो जाती है।
अनुच्छेद 10 : नागरिकता के अधिकारों का बना रहना
सरल व्याख्या : किसी भी व्यक्ति की नागरिकता कानून के बिना नहीं छीनी जा सकती। जब तक आप कोई देश-विरोधी या बहुत बड़ा अपराध न करें, आपकी नागरिकता सुरक्षित रहेगी।
अनुच्छेद 11 : संसद द्वारा नागरिकता के अधिकार का विधि द्वारा विनियमन किया जाना
सरल व्याख्या : भविष्य में नागरिकता देने, लेने या इससे जुड़ा कोई भी नया कानून (जैसे CAA) बनाने का पूरा अधिकार सिर्फ और सिर्फ देश की संसद (Parliament) को है।
भाग-3: मूल अधिकार(Fundamental Rights)Articles 12 – 35
अनुच्छेद 12 : परिभाषा
सरल व्याख्या :मौलिक अधिकारों के मामले में ‘राज्य’ (State) का क्या मतलब है, यह समझाया गया है। इसके तहत केंद्र सरकार, राज्य सरकारें, संसद, पुलिस और सभी सरकारी कंपनियाँ (जैसे LIC, ONGC) आती हैं।
अनुच्छेद 13 : मूल अधिकारों से असंगत या उनका अल्पीकरण करने वाली विधियां
सरल व्याख्या : सरकार या संसद ऐसा कोई भी कानून नहीं बना सकती जो जनता के मौलिक अधिकारों को छीनता या कमजोर करता हो। अगर सरकार ऐसा कोई कानून बनाती है, तो सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट उस कानून को तुरंत रद्द (खत्म) कर देगा।
समता का अधिकार (Right to Equality) – Articles 14 से 18
यह अधिकार सभी नागरिकों को बराबरी का दर्जा देता है।
अनुच्छेद 14 : विधि के समक्ष समता
सरल व्याख्या : कानून की नजर में देश का हर नागरिक बराबर है। चाहे कोई अमीर हो, गरीब हो या बड़ा अधिकारी, कानून सब पर एक जैसा लागू होगा।
अनुच्छेद 15 : धर्म, मूलवंश, जाति, लिंग या जन्मस्थान के आधार पर विभेद का प्रतिषेध
सरल व्याख्या : सरकार या कोई भी व्यक्ति किसी के साथ उसकी जाति, धर्म, लड़के या लड़की होने, या वह कहाँ पैदा हुआ है, इस आधार पर कोई भेदभाव नहीं कर सकता।
अनुच्छेद 16 : लोक नियोजन के विषय में अवसर की समता
सरल व्याख्या : सरकारी नौकरियों (Government Jobs) में देश के सभी नागरिकों को बराबरी का मौका मिलेगा।
अनुच्छेद 17 : अस्पृश्यता का अंत
सरल व्याख्या : छुआछूत (Unclouchability) को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। किसी के साथ छुआछूत का बर्ताव करना एक कानूनी अपराध है।
अनुच्छेद 18 : उपाधियों का अंत
सरल व्याख्या : राजा-महाराजाओं के समय मिलने वाली ‘महाराज’, ‘रायबहादुर’ जैसी उपाधियों को खत्म कर दिया गया है, ताकि समाज में सब बराबर रहें। (शिक्षा और सेना की डिग्रियां जैसे डॉक्टर या कर्नल को छोड़कर)।
स्वातंत्र्य-अधिकार (Right to Freedom) – Articles 19 से 22
यह अधिकार देश के नागरिकों को अलग-अलग तरह की आजादी देता है।
अनुच्छेद 19 : वाक्-स्वातन्त्र्य आदि विषयक कुछ अधिकारों का संरक्षण
सरल व्याख्या : इसके तहत नागरिकों को बोलने की आजादी, अपनी बात रखने की आजादी, बिना हथियार शांति से जुटने, संगठन बनाने और देश में कहीं भी घूमने-बसने की आजादी मिलती है।
अनुच्छेद 20 : अपराधों के लिए दोषसिद्धि के सम्बन्ध में संरक्षण
सरल व्याख्या : किसी व्यक्ति को तब तक अपराधी नहीं माना जाएगा जब तक उसने किसी कानून को न तोड़ा हो। साथ ही, एक अपराध के लिए सिर्फ एक ही बार सजा मिल सकती है, और किसी को खुद के खिलाफ गवाही देने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
अनुच्छेद 21 : प्राण और दैहिक स्वतंत्रता का संरक्षण
सरल व्याख्या : इसे जीने का अधिकार (Right to Life) कहते हैं। कानून के बिना किसी की जान या उसकी निजी आजादी नहीं छीनी जा सकती। इसमें साफ पानी, अच्छी हवा और प्राइवेसी का अधिकार भी शामिल है।
अनुच्छेद 21 क : शिक्षा का अधिकार
सरल व्याख्या : 6 से 14 साल तक के सभी बच्चों को मुफ्त और अनिवार्य (Free & Compulsory) शिक्षा पाना उनका मौलिक अधिकार है।
अनुच्छेद 22 : कुछ दशाओं में गिरफ्तारी और निरोध से संरक्षण
सरल व्याख्या : अगर पुलिस किसी को गिरफ्तार करती है, तो उसे गिरफ्तारी का कारण बताना होगा, 24 घंटे के अंदर कोर्ट (मजिस्ट्रेट) के सामने पेश करना होगा और उसे अपने पसंद के वकील से बात करने का हक होगा।
शोषण के विरुद्ध अधिकार (Right against Exploitation) -Articles 23 और 24
अनुच्छेद 23 : मानव के दुर्व्यापार और बाल आश्रम का प्रतिषेध
सरल व्याख्या : इंसानों की खरीद-बिक्री (Human Trafficking) और किसी से जबरदस्ती बिना पैसे दिए काम करवाना (बंधुआ मजदूरी) पूरी तरह गैर-कानूनी है।
अनुच्छेद 24 : कारखानों आदि में बालकों के नियोजन का प्रतिषेध
सरल व्याख्या : 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी खतरनाक काम, कारखाने या खदान में मजदूरी पर रखना अपराध है।
धर्म की स्वतंत्रता का अधिकार (Right to Freedom of Religion) – Articles 25 से 28
अनुच्छेद 25 : अंतःकरण की और धर्म के अबाध रूप से मानने, आचरण एवं प्रचार करने की स्वतंत्रता
सरल व्याख्या : हर व्यक्ति को अपनी मर्जी का कोई भी धर्म मानने, उसकी पूजा-पाठ करने और उसका प्रचार करने की पूरी आजादी है।
अनुच्छेद 26 : धार्मिक कार्यों के प्रबंध की स्वतंत्रता
सरल व्याख्या : सभी धर्म के लोगों को अपनी धार्मिक संस्थाएं (जैसे मंदिर, मस्जिद, चर्च) बनाने और उनका कामकाज खुद संभालने की आजादी है।
अनुच्छेद 27 : किसी विशिष्ट धर्म की अभिवृद्धि के लिए करों के संदाय के बारे में स्वतंत्रता
सरल व्याख्या : सरकार किसी भी नागरिक को ऐसा कोई टैक्स (Tax) देने के लिए मजबूर नहीं कर सकती जिसका इस्तेमाल किसी एक खास धर्म को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा हो।
अनुच्छेद 28 : कुछ शिक्षा संस्थाओं में धार्मिक शिक्षा या धार्मिक उपासना में उपस्थित होने के बारे में स्वतंत्रता
सरल व्याख्या : पूरी तरह से सरकारी पैसों से चलने वाले स्कूलों या कॉलेजों में किसी भी तरह की धार्मिक शिक्षा नहीं दी जाएगी।
संस्कृति और शिक्षा संबंधी अधिकार (Cultural & Educational Rights) – Articles 29 से 31
अनुच्छेद 29 : अल्पसंख्यक वर्गों के हितों का संरक्षण
सरल व्याख्या : देश के अल्पसंख्यकों (Minorities – जिनकी आबादी कम है) को अपनी खास भाषा, लिपि (Script) और संस्कृति को बचाए रखने का पूरा अधिकार है।
अनुच्छेद 30 : शिक्षा संस्थाओं की स्थापना और प्रशासन करने का अल्पसंख्यक वर्गों का अधिकार
सरल व्याख्या : अल्पसंख्यक समुदाय के लोग अपनी पसंद के स्कूल या कॉलेज खोल सकते हैं और उनका मैनेजमेंट खुद संभाल सकते हैं।
अनुच्छेद 31 : (निरसित)
सरल व्याख्या : इस लाइन को अब संविधान से हटा दिया गया है। पहले इसमें ‘संपत्ति का अधिकार’ (Right to Property) था, जिसे बाद में मौलिक अधिकारों की सूची से बाहर कर दिया गया।
कुछ विधियों की व्यावृत्ति (Saving of Certain Laws) – Articles 31-क से 31-घ
यह हिस्सा सरकार को समाज कल्याण (जैसे जमींदारी खत्म करने) के लिए कुछ विशेष कानून बनाने की छूट देता है, भले ही वे मौलिक अधिकारों से थोड़े टकराते हों।
अनुच्छेद 31-क : संपदाओं आदि के अर्जन के लिए उपबंध करने वाली विधियों की व्यावृत्ति
सरल व्याख्या : सरकार अगर समाज की भलाई या जमींदारी खत्म करने के लिए किसी की बड़ी जमीन या संपत्ति लेती है, तो उसे मौलिक अधिकारों का हनन नहीं माना जाएगा।
अनुच्छेद 31-ख : कुछ अधिनियमों और विनियमों का विधिमान्यकरण
सरल व्याख्या : संविधान की ‘नौवीं अनुसूची’ (9th Schedule) में जो कानून डाल दिए जाते हैं, उन्हें कोर्ट में चुनौती देना बहुत मुश्किल होता है (यह कोर्ट से कानूनों को बचाने के लिए बना था)।
अनुच्छेद 31-ग : कुछ निदेशक तत्वों को प्रभावी करने वाली विधियों की व्यावृत्ति
सरल व्याख्या : अगर सरकार समाज में बराबरी लाने के लिए (अनुच्छेद 39-ख और ग के तहत) कोई कानून बनाती है, तो उसे अनुच्छेद 14 या 19 का उल्लंघन बताकर रद्द नहीं किया जा सकता।
अनुच्छेद 31-घ : (निरसित)
सरल व्याख्या : देश विरोधी गतिविधियों को रोकने से जुड़ा यह अनुच्छेद अब संविधान से पूरी तरह हटा दिया गया है।
संवैधानिक उपचारों का अधिकार (Right to Constitutional Remedies) – Articles 32 से 35
इसे डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने ‘संविधान की आत्मा’ कहा था। यह आपके अधिकारों की रक्षा करने की गारंटी है।
अनुच्छेद 32 : इस भाग द्वारा प्रदत्त अधिकारों को प्रवर्तित कराने के लिए उपचार
सरल व्याख्या : अगर कोई भी (या सरकार) आपके मौलिक अधिकारों को छीनता है, तो आप सीधे देश की सबसे बड़ी अदालत (सुप्रीम कोर्ट) जा सकते हैं। कोर्ट इसके लिए ‘रिट’ (Writs) जारी करता है।
अनुच्छेद 32-क : निरसित
सरल व्याख्या : राज्य के कानूनों की जांच से जुड़ा यह अनुच्छेद अब हटा दिया गया है।
अनुच्छेद 33 : इस भाग द्वारा प्रदत्त अधिकारों का, बलों आदि के लागू होने में, उपांतरण करने की संसद की शक्ति
सरल व्याख्या : देश की सुरक्षा के लिए संसद सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियों (जैसे RAW, IB) के मौलिक अधिकारों को थोड़ा कम या सीमित कर सकती है।
अनुच्छेद 34 : जब किसी क्षेत्र में सेना विधि प्रवृत्त है तब इस भाग द्वारा प्रदत्त अधिकारों पर निबन्धन
सरल व्याख्या : अगर देश के किसी हिस्से में ‘मार्शल लॉ’ (सैन्य कानून या मिलिट्री राज) लगा हो, तो वहाँ के नागरिकों के मौलिक अधिकार रोके जा सकते हैं।
अनुच्छेद 35 : इस भाग के उपबंधों को प्रभावी करने के लिए विधान
सरल व्याख्या :मौलिक अधिकारों से जुड़ा कोई भी नया कड़ा कानून या सजा तय करने का अधिकार सिर्फ देश की संसद के पास है, राज्यों की विधानसभाओं के पास नहीं।
Discover more from GkTextBook
Subscribe to get the latest posts sent to your email.